Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 07 जून (हि.स.)। कोतवाली गंगनहर रूड़की पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपित को रविवार काे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर सलमान नामक युवक के खिलाफ उसकी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।
घटना के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपित की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बावजूद आरोपी पुलिस से बचता रहा, जिसके चलते उस पर 5,000 का इनाम घोषित किया गया।
पुलिस ने आरोपित सलमान पुत्र इसरार, निवासी लाठर देवा शेख, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार (उम्र 27 वर्ष) को थाना गंगनहर परिसर, रुड़की से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला