Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


लखनऊ, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की प्रेरणा एवं अपर मुख्य सचिव संस्कृति एवं पर्यटन अमृत अभिजात के मार्गदर्शन में कराये जा रहे शैक्षिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को राज्य संग्रहालय, लखनऊ की ओर से “खुशियों की पाठशाला” ग्रीष्मकालीन इंटरएक्टिव गतिविधि के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए “एक पेड़ मां के नाम”, “रंगों की मस्ती, अलंकरण में अभिव्यक्ति” तथा “ऑन द स्पॉट क्विज” जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने अत्यंत उत्साह एवं रुचि के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ उपस्थित अभिभावकों एवं संग्रहालय में आने वाले दर्शकों ने भी सक्रिय सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का निर्देशन डॉ. विनय कुमार सिंह, निदेशक, राज्य संग्रहालय, लखनऊ एवं समन्वयन डॉ. मीनाक्षी खेमका, सहायक निदेशक द्वारा किया गया।
लखनऊ राज्य संग्रहालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा