Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सोनभद्र, 07 जून (हि.स.)। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के राबर्ट्सगंज खलियारी मार्ग पर एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार की दोपहर में पन्नूगंज निवासी नंदलाल का 21 वर्षीय पुत्र राहुल अपने घर से बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने के लिए निकला था। राहुल बाइक पर सवार होकर अपने घर से इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप तेलाड़ी जा रहा था। वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचा ही था कि अचानक एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गया जिससे उसका सिर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल लोढ़ी भेजवा दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजन व ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग कर रहे थे। घटनास्थल पर भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर, पन्नूगंज थाना, रामपुर बरकोनिया थाना, राबर्ट्सगंज कोतवाली व महिला थाना प्रभारी भी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी