Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस , 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद कस्बे में टेंपो में सवार महिला का मंगलसूत्र चोरी करने के आरोप में पुलिस ने रविवार काे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें टेंपो चालक और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने चोरी किया गया मंगलसूत्र और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।
यह घटना 29 मई को हुई थी, जब गीगला गांव निवासी रानी अपने बीमार बेटे की दवा लेने के लिए टेंपो से आगरा जा रही थीं। रानी ने सादाबाद थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि जारऊ बंबा के पास टेंपो चालक और उसमें सवार महिलाओं ने उन्हें जबरन वाहन से उतार दिया। इसके बाद उन्होंने पाया कि उनके गले से मंगलसूत्र गायब था। पीड़िता ने टेंपो का नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सादाबाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। टेंपो चालक की तलाश के दौरान दो महिलाओं सहित तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला का चोरी हुआ मंगलसूत्र और अन्य सामान बरामद किया है।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने रविवार काे बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। जांच के दौरान टेंपो चालक की पहचान कर उसे पकड़ा गया। उसकी निशानदेही और पूछताछ के आधार पर दो अन्य महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। इस मामले के खुलासे से पीड़िता ने राहत की सांस ली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना