Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिजनौर, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में पूर्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. महेंद्र सिंह की रविवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बाढ़ निवासी डॉ. महेंद्र सिंह स्वास्थ्य विभाग में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुके थे। उन्होंने लंबे समय तक जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी सेवाएं दी थीं। सेवानिवृत्ति के बाद शासनादेश के तहत उनका सेवा कार्यकाल बढ़ाया गया था।
बताया जाता है कि रविवार सुबह वह बाइक से बिजनौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बैराज रोड पर उनकी बाइक की एक ट्रक से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि डॉ. महेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र