Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिजनौर, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में हल्दौर थाना क्षेत्र के बाल किशनपुर चौराहे के निकट रविवार सुबह मुर्गों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में पिकअप सवार हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक मामूली रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पानीपत निवासी चालक जितेंद्र कुमार पिकअप वाहन में मुर्गे भरकर रामपुर की ओर जा रहा था। बलावालीपुर चौहारे के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन में सवार हेल्पर सूरज सिंह (38) निवासी बेदवा सिलवानी, जिला भिंड (मध्य प्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक जितेंद्र कुमार को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
हल्दौर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक को आई नींद अथवा झपकी माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।--------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र