Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- चोरी की पिकअप और 24 बैटरियां बरामद
मीरजापुर, 07 जून (हि.स.)। अदलहाट पुलिस ने वाहनों और बैटरियों की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कबाड़ व्यवसायी समेत चार शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की एक पिकअप, 24 बैटरियां और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव ने बताया कि हाल के दिनों में अदलहाट क्षेत्र में खड़े वाहनों और उनकी बैटरियों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। चार मई को नेवादा स्थित भूसा गोदाम के बाहर खड़ी एक पिकअप चोरी हो गई थी, जबकि 3 जून को वाराणसी निवासी एक व्यक्ति की गैरेज में खड़ी गाड़ी से दो बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। इन घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान जुटाए गए भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार को पचगेड़ा पुलिया के पास छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में बसंत बिंद, दीपक बिंद, महेश बिंद और कबाड़ व्यवसायी अजय कुमार विश्वकर्मा शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चोरी की पिकअप और एक बैटरी बरामद की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने अहरौरा स्थित कबाड़ की दुकान से 23 अन्य चोरी की बैटरियां भी बरामद कर लीं। इस तरह कुल 24 बैटरियां पुलिस के हाथ लगी हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों और उनकी बैटरियों को निशाना बनाते थे। चोरी का सामान कबाड़ की दुकान पर बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय कुमार सिंह, अभयनारायण सिंह, हंसलाल और अरुण कुमार यादव की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा