अश्लील हरकत करने के आरोप में उखडा प्राइवेट स्कूल के वाइस प्रिंसिपल गिरफ्तार
मामले में जांच को लेकर पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया
आरोपी को लेकर जाती पुलिस


पश्चिम बर्दवान, 07 जून (हि. स.)। उखड़ा इलाके के एक सीबीएससी मान्यता प्राप्त प्राइवेट इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल के वाइस प्रिंसिपल राजा प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उखड़ा गांव के आड़त पाड़ा स्थित स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा को आरोपित वाइस प्रिंसिपल राजा प्रसाद ने ऑफिस में बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ किया। आरोप है कि शिक्षक ने कई बार छात्रा के साथ ऐसी हरकत की। परिवार को हाल ही में घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद शनिवार को अंडाल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और शनिवार रात उखड़ा चौकी की पुलिस ने आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के लिए आरोपित को पुलिस हिरासत में लेने की अर्जी दी जाएगी। पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। स्कूल परिसर के अंदर ऐसी घटना सामने आने से अभिभावकों में गहरा आक्रोश और चिंता है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मिसाल बनने वाली सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा