Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 07 जून (हि.स.) यमुनानगर पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स सेल ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 520 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
डीएसपी रजत गुलिया ने रविवार को बताया कि पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के नेतृत्व में जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि गांव शादीपुर के निकट एक युवक प्रतिबंधित दवाइयों के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार कुलदीप की उपस्थिति में तलाशी लेने पर उसके पास से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी की पहचान पुराना हमीदा निवासी विक्की के रूप में हुई। बरामद दवाइयों की जांच ड्रग कंट्रोल विभाग से कराई गई, जिसमें उन्हें ट्रामाडोल कैप्सूल पाया गया। कुल 520 कैप्सूल बरामद होने की पुष्टि हुई। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार