Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हुगली, 07 जून (हि. स.)। जिले के वैद्यबाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 में खराब सड़क और जल निकासी व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने रविवार को तृणमूल पार्षद हरिपद पाल के घर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान “चोर-चोर” के नारे भी लगाए गए।
बताया गया है कि वैद्यबाटी के गोलापबाग नीचू मैदान इलाके में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। हल्की बारिश में भी इलाके में जलभराव हो जाता है और लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार पार्षद को समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।
आक्रोशित लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पार्षद के घर के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पार्षद आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर केवल अपने स्वार्थ में व्यस्त रहे।
काफी देर तक चले प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद आए पार्षद हरिपद पाल ने कहा कि यदि एक महीने के भीतर इलाके की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह पार्षद पद से इस्तीफा दे देंगे। बाद में प्रदर्शन तेज होने पर उन्होंने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर जलभराव की समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
वहीं, पार्षद हरिपद पाल ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय