Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

यमुनानगर, 07 जून (हि.स.) यमुनानगर के व्यासपुर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाते समय हुए एक हादसे में युवक की जान चली गई। कार्य के दौरान वह निकट से गुजर रही उच्च वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रादौर क्षेत्र के गांव धौलरा निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है। वह निजी तौर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और तकनीकी इंस्टॉलेशन का कार्य करता था। बताया गया है कि शिव कुमार अपने तीन सहयोगियों के साथ गणपति कॉलेज के निकट स्थित एक दुकान पर सीसीटीवी सिस्टम लगाने पहुंचा था।
कार्य के तहत मुख्य दुकान के साथ-साथ समीप स्थित एक अन्य परिसर में भी कैमरे लगाए जाने थे। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इंस्टॉलेशन के दौरान एक कर्मचारी नीचे उपकरण फिट कर रहा था, जबकि शिव कुमार अपने एक साथी के साथ भवन की छत पर वायरिंग का कार्य संभाल रहा था। इसी दौरान कैमरे की केबल बिछाते समय वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के अत्यधिक निकट पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकीय जांच में उसे मृत घोषित कर दिया गया। शिव कुमार अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार