Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोंडागांव, 07 जून (हि.स.)। जिले की पुलिस ने कम दाम में नई माेटरसाइकिल दिलाने का झांसा देकर ग्रामीणों से धोखाधड़ी के आरोप में दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। उन्होंने न केवल ग्रामीणों से नकद रकम वसूली, बल्कि उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक दस्तावेज का उपयोग कर उनकी जानकारी के बिना वाहनों की फाइनेंसिंग भी करा दी। दोनों आरोपिताें पर कार्रवाई के उपरांत आज रविवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
कोंडागांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले का खुलासा 22 मार्च 2026 को हुआ, जब जैतपुरी निवासी बसमन नेताम ने कोंडागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कोकोड़ी निवासी सुखधर पोयाम (36) और बनियागांव निवासी जयन्तो हलदार नाइक (27) खुद को वाहन उपलब्ध कराने वाला बताकर क्षेत्र के लोगों को सस्ते दाम में माेटरसाइकिल दिलाने का भरोसा दे रहे थे। आरोपिताें ने कई ग्रामीणों से माेटरसाइकिल दिलाने के नाम पर हजारों रुपये की ठगी की। जांच में सामने आया कि राजकुमार मरकाम से 65 हजार रुपये, संतुराम से 75 हजार रुपये, लायकराम से 80 हजार रुपये, खेमसिंह से 65 हजार रुपये और नवलसिंह से 85 हजार रुपये सहित कई अन्य लोगों से भी रकम वसूली गई। ठगी की कुल राशि लाखों रुपये में पहुंच गई है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित ग्रामीणों से उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो जमा कराते थे। इसके बाद उनके हस्ताक्षरों की कूटरचना कर उनके नाम पर वाहन फाइनेंस करा लिए जाते थे। पीड़ितों को इन फाइनेंसिंग की कोई जानकारी नहीं दी जाती थी, जबकि आरोपिताें ने उनसे ली गई नकद रकम भी अपने पास रख ली। कोंडागांव थाने में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे