Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 07 जून (हि.स.)। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला एक बार फिर पर्यटकों से भरने लगी है। जून के दूसरे सप्ताह की शुरुआत के साथ ही शहर में समर टूरिस्ट सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचे, जिससे न केवल होटल कारोबार में तेजी आई है बल्कि शहर की सड़कों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी भारी भीड़ देखने को मिली।
शनिवार और रविवार को शिमला की ओर आने वाले वाहनों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शोघी, तारादेवी, टूटीकंडी बाईपास और ढली जैसे प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कई स्थानों पर पर्यटकों को धीमी रफ्तार से सफर करना पड़ा। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से बड़ी संख्या में लोग शिमला पहुंच रहे हैं। स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों और मैदानी क्षेत्रों में 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहे तापमान के कारण परिवार पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इसके चलते शिमला, कुफरी, नारकंडा, मशोबरा, नालदेहरा और चायल जैसे पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है।
शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों रिज मैदान, माल रोड, स्कैंडल प्वाइंट, औऱ लक्कड़ बाजार में दिनभर भारी भीड़ रही। पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर भी पर्यटकों की लंबी कतारें लगी रहीं। पार्किंग स्थलों पर दबाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर तक लिफ्ट पार्किंग, मैट्रोपोल पार्किंग और ट्रिपल एच पार्किंग लगभग भर गई थीं।
शिमला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा के अनुसार शहर के अधिकांश बड़े होटल अगले कुछ दिनों तक अग्रिम रूप से बुक हो चुके हैं। केवल होटल ही नहीं, शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होम-स्टे भी अच्छी बुकिंग दर्ज कर रहे हैं।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर परिवहन सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। कालका-शिमला रेलमार्ग पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ गई है और कई सेवाओं में प्रतीक्षा सूची लंबी हो गई है। दिल्ली और चंडीगढ़ से शिमला आने वाली वोल्वो बसों में भी सीटें मिलना मुश्किल हो रहा है। पर्यटन सीजन के चरम की ओर बढ़ने के साथ निजी टूरिस्ट बसों और टैक्सियों की आवाजाही में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा