Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुकमा , 07 जून (हि.स.)। जिले की पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर एनएच-30 मार्ग पर आज रविवार काे घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 10.983 किलोग्राम अवैध गांजा, नगदी रकम 2470 रुपये, एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ करने पर यह तथ्य सामने आया कि वे गांजा की खेप को रायपुर ले जाकर विक्रय करते थे। पूछताछ के दौरान गांजा की सप्लाई करवाने एवं इसके विक्रय व गांजा की व्यवस्था करने वाले अन्य आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। सुकमा थाना में अपराध क्रमांक 37/2026, धारा 20(ख)(ii)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए अब तक कुल तीन आरोपिताें मोहम्मद जमीर खान (उम्र 29 वर्ष) निवासी मंदिर हसौद, जिला रायपुर, तनिल राजपूत (उम्र 19 वर्ष) निवासी मंदिर हसौद, जिला रायपुर, रोशन दत्ता (उम्र 25 वर्ष) निवासी माना कैंप, जिला रायपुर को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपित की सरगर्मी से तलाश जारी है।
विवेचना के दौरान यह भी पता चला कि मलकानगिरी जिला निवासी आरोपित गोकुल राय द्वारा गांजा की व्यवस्था एवं आपूर्ति की जाती थी। आरोपित की पतासाजी की गई, किन्तु वह फरार पाया गया। उसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने हेतु सुकमा पुलिस प्रतिबद्ध है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को प्रदान करें, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे