Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से ग्राम राधा कृष्ण नगर की विशाखा मंडल ने सिलाई के हुनर को रोजगार का माध्यम बनाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। आज वे अपनी मेहनत के दम पर लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं।
रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार जनपद पंचायत बलरामपुर के ग्राम राधा कृष्ण नगर निवासी विशाखा मंडल जागृति महिला स्व सहायता समूह से जुड़ीं और समूह के माध्यम से सामुदायिक निवेश कोष से 30 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि से उन्होंने सिलाई मशीन और आवश्यक सामग्री खरीदी तथा सवनी मोड़ महाराजगंज में लेडीज टेलर की दुकान शुरू की।
करीब ढाई वर्ष पहले शुरू किए गए इस छोटे से व्यवसाय को विशाखा ने अपनी मेहनत और लगन से सफल बनाया। बेहतर सिलाई कार्य के कारण आसपास के क्षेत्रों में उनकी अच्छी पहचान बन चुकी है और ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
विशाखा बताती हैं कि सामान्य दिनों में भी उनकी दुकान से अच्छी आमदनी हो जाती है। वहीं दीपावली और दशहरा जैसे त्योहारों के दौरान उनकी दैनिक आय करीब 3 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। वर्तमान में उनकी औसत वार्षिक आय लगभग 1.50 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि पहले परिवार की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल था, लेकिन स्व सहायता समूह से जुड़ने और एनआरएलएम के सहयोग से उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिला।
आज वे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। साथ ही अन्य महिलाओं को भी स्व सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और जिला पंचायत सीईओ नयन तारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय