ट्रैक्टर का चालान काटने पर हंगामा, फतेहाबाद रोड पर लगाया जाम
फतेहाबाद, 07 जून (हि.स.)। जिले के शहर रतिया में ट्रैफिक पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से चलाए जा रहे चालान अभियान के विरोध में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। फतेहाबाद रोड पर बोला पंप के पास ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक किसान के ट्रैक्टर का चालान काटे जाने पर
फतेहाबाद। रतिया में चालान काटने के बाद रोड जाम करते लोग।


फतेहाबाद। रतिया में चालान काटने के बाद रोड जाम करते लोग।


फतेहाबाद, 07 जून (हि.स.)। जिले के शहर रतिया में ट्रैफिक पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से चलाए जा रहे चालान अभियान के विरोध में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। फतेहाबाद रोड पर बोला पंप के पास ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक किसान के ट्रैक्टर का चालान काटे जाने पर विवाद इस कदर बढ़ा कि आक्रोशित लोगों ने सडक़ पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे तक चले इस चक्का जाम के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस फतेहाबाद रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने रायपुर निवासी एक किसान के ट्रैक्टर को रोककर उसका चालान काट दिया। चालान काटे जाने को लेकर किसान और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वहां स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। विवाद की सूचना मिलते ही किसान नेता राजविंद्र चहल, मजदूर नेता व पार्षद गुरप्रीत सिंह गोपी सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और फतेहाबाद रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया। इन लोगों ने कहा कि पुलिस पिछले कई दिनों से अपना चालान का टारगेट पूरा करने के चक्कर में शहर के बीचों-बीच आम जनता को परेशान कर रही है। कई बार पूरे दस्तावेज होने के बावजूद बेवजह चालान काट दिए जाते हैं। एक गरीब और मजदूर व्यक्ति बड़ी मुश्किल से वाहन खरीद पाता है, लेकिन पुलिस हजारों रुपये का चालान काटकर उनकी कमर तोड़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि जब तक पुलिस बेवजह चालान न काटने का आश्वासन नहीं देती और आज काटे गए चालान रद्द नहीं करती, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। सडक़ जाम होने की सूचना मिलते ही रतिया सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और उनकी शिकायतें सुनीं। थाना प्रभारी द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने और समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए और करीब एक घंटे बाद जाम खोला गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा