केनाल लिंक रोड के प्रभावितों को जोगीडीपा से 42 परिवारों का पुनर्वास
रायगढ़, 07 जून (हि.स.)। शहर के विकास कार्यों को गति देने और प्रस्तावित केनाल लिंक रोड निर्माण कार्य के लिए जोगीडीपा से 42 परिवारों को नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यवस्थित और मानवीय दृष्टिकोण के साथ सूर्या विहार प्रधानमंत्री आवास योजना के मल्टी स्टोरी भ
केनाल लिंक रोड प्रभावितों का पुनर्वास शिफ्टिंग करते हुए


रायगढ़, 07 जून (हि.स.)। शहर के विकास कार्यों को गति देने और प्रस्तावित केनाल लिंक रोड निर्माण कार्य के लिए जोगीडीपा से 42 परिवारों को नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यवस्थित और मानवीय दृष्टिकोण के साथ सूर्या विहार प्रधानमंत्री आवास योजना के मल्टी स्टोरी भवनों में शिफ्ट कराया गया।

इस पूरी प्रक्रिया में प्रभावित परिवारों को केवल स्थानांतरित नहीं किया गया, बल्कि उनकी सुविधाओं, सुरक्षा और पुनर्वास की पूरी जिम्मेदारी भी निगम प्रशासन द्वारा निभाई गई।

नगर निगम प्रशासन द्वारा सुबह से ही 8 ट्रैक्टर एवं एक लीलैंड मिनी ट्रक की सहायता से परिवारों के घरेलू सामानों को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित किया गया। शिफ्टिंग के दौरान निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम लगातार मौके पर मौजूद रही और सामानों की पैकिंग, लोडिंग, अनलोडिंग तथा व्यवस्थित तरीके से रखने तक में सहयोग करती रही।

सूर्या विहार प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर पहुंचने पर आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने फीता काटकर नए आवासों का शुभारंभ कराया तथा प्रतीकात्मक रूप से चाबी प्रदान कर परिवारों को नए घरों में प्रवेश कराया। इस दौरान कई परिवारों ने नए आवास मिलने पर संतोष और खुशी व्यक्त की।

पुनर्वास प्रक्रिया के दौरान निगम प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की। सभी परिवारों को सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन एवं रात का भोजन उपलब्ध कराया गया, ताकि स्थानांतरण के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सूर्या विहार परिसर में व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। निगम की टीम लगातार मौके पर रहकर परिवारों को सामान जमाने, आवश्यक जानकारी देने तथा अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग कर रही है।

आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल पुनर्वास करना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को सम्मानपूर्वक और बेहतर सुविधाओं के साथ नई शुरुआत देना है। प्रत्येक परिवार को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिले, इसके लिए निगम की पूरी टीम संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। किसी भी परिवार को परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं और हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान