Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दौसा, 07 जून (हि.स.)। जिले के मंडावर थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए सड़क हादसे में आरएसी के एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन और एक वर्षीय भांजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा रेत से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से हुआ। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
रसीदपुर चौकी प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि रविवार शाम सूचना मिली कि केसरी के वास गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को महवा जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला और बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में लाडनपुर निवासी कल्ला गुर्जर (30) की मौत हुई है। वह राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) की द्वितीय बटालियन कोटा में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था। वह दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया था।
रविवार शाम कल्ला अपनी बहन रविता गुर्जर और एक वर्षीय भांजी के साथ महवा स्थित मकान से पैतृक गांव लाडनपुर जा रहा था। इसी दौरान महवा से करीब 12 किलोमीटर आगे केसरी गांव के पास सामने से आ रही रेत से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रविता और उसकी बेटी सड़क पर दूर जा गिरीं, जबकि कल्ला गुर्जर ट्रैक्टर के नीचे आ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गई।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरी हुई थी, जिसे पास के एक ईंट भट्टे पर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार कल्ला गुर्जर वर्ष 2015 में आरएसी में भर्ती हुआ था। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके तीन बेटियां हैं, जबकि छोटा भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को महवा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित