Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कटिहार, 07 जून (हि.स.)। विकास भवन में रविवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के लिए एक दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में तकनीकी दक्षता बढ़ाना और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी थानों के अपर थाना अध्यक्षों, मास्टर ट्रेनरों और सीसीटीएनएस से नामित कर्मियों ने हिस्सा लिया। कटिहार के तकनीकी प्रभारी, श्री मनीष शेखर के संचालन में यह प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मुख्य रूप से GIS Mapping, e-Summons, ICJS, CCTNS और 'सहयोग शिविर' जैसे आधुनिक और तकनीकी विषयों को शामिल किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के सही उपयोग, ऑनलाइन प्रक्रियाओं के संचालन, डेटा प्रबंधन और कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान की विस्तृत जानकारी दी गई। विभागीय कार्यों में डिजिटल प्रणालियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी दर्ज की, जिससे यह तकनीकी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कदम स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह