Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 07 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के दिलावरगंज से 3 जून से लापता किशोरी माधुरी कुमारी की तलाश में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष जांच दल (एसआईट) का गठन किया है, जो विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने लापता किशोरी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार संभावित सुरागों पर काम कर रही है और जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस बीच किशोरी के लापता होने के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भी सक्रिय हो गया है। भाजयुमो जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता के नेतृत्व में संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को आश्वस्त किया कि किशोरी की सुरक्षित बरामदगी के लिए संगठन हर स्तर पर सहयोग करेगा।
राकेश गुप्ता ने बताया कि उन्होंने एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज से मिलकर मामले से संबंधित विभिन्न जानकारियां साझा की हैं। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा द्वारा जुटाए गए तथ्यों और अब तक सामने आए बिंदुओं से एसआई रविशंकर को भी अवगत कराया गया है।
संगठन की ओर से जांच में तेजी लाने और जल्द निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।भाजयुमो टीम ने मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) रामजी से भी मुलाकात की। इस दौरान जांच की प्रगति, अब तक की गई कार्रवाई तथा आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने मामले के शीघ्र निष्पादन और किशोरी की जल्द बरामदगी की मांग उठाई।
भाजयुमो नेताओं ने घटना को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है। वहीं, माधुरी कुमारी के परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच करते हुए संभावित सुरागों के आधार पर लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। जिले भर की निगाहें अब इस मामले की जांच और उसके परिणाम पर टिकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह