Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलवल, 07 जून (हि.स.)। होडल में शातिर ठगों ने एक युवती को झांसे में लेकर उसके बैग से 1.21 लाख रुपये और अन्य सामान चोरी कर लिया। बैंक से नकदी निकालने के कुछ ही देर बाद वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होडल थाना प्रभारी सुंदरपाल ने रविवार को जानकारी देेते हुए बताया कि अंधोप गांव निवासी वंदना ने शिकायत में बताया कि वह अपनी मां और भाई के साथ होडल स्थित बैंक से रुपये निकालने आई थी। बैंक से उसने 1 लाख 20 हजार रुपये निकाले और उन्हें अपने बैग में रख लिया। इसके बाद तीनों एक जूस की दुकान पर पहुंचे।
इसी दौरान उनकी बाइक का लॉक खराब हो गया। बाइक ठीक कराने के लिए उसका भाई मैकेनिक के पास चला गया, जबकि वंदना और उसकी मां जूस की दुकान पर बैठी रहीं। तभी एक व्यक्ति वहां आया और वंदना को बताया कि उसकी कमर और कपड़ों पर कुछ गिर गया है। जब उसने देखा तो कपड़ों पर सॉस लगी हुई थी।
कपड़े साफ करने के लिए वंदना ने अपना बैग पास ही रख दिया। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी बैग लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब वंदना ने बैग तलाशा तो वह गायब मिला। उसने आसपास आरोपी की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
पीड़िता ने बताया कि बैग में बैंक से निकाले गए 1 लाख 20 हजार रुपये, 1200 रुपये अतिरिक्त नकदी, एक चांदी की अंगूठी, बैंक की चेकबुक, पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुंदरपाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग