Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 07 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जनपद पंचायत प्रेमनगर की ग्राम पंचायत पार्वतीपुर निवासी सुहानो का पक्के घर का सपना इस योजना के माध्यम से पूरा हुआ, जिससे उनके परिवार का जीवन पूरी तरह बदल गया है।
जनपद मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत पार्वतीपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल रहा है और उनके पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। ग्राम पंचायत में प्रतिवर्ष लगभग 55 से 60 आवासों का निर्माण कराया जाता है।
ग्राम पंचायत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है। हितग्राहियों को आवास निर्माण के प्रति जागरूक करने और नियमित मार्गदर्शन का भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है।
इसी गांव की निवासी सुहानो, पति जयराम, योजना की सफलता की एक मिसाल बनकर सामने आई हैं। खेती-किसानी पर निर्भर उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और वे एक जर्जर कच्चे मकान में रहते थे। बरसात के मौसम में घर की छत से पानी टपकता था, जिससे परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
सुहानो ने रविवार काे बताया कि सीमित आय के कारण पक्का घर बनवाना उनके लिए संभव नहीं था। वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद उनका सपना पूरा हुआ। शासन से मिली सहायता से उनका पक्का मकान बनकर तैयार हुआ और अब परिवार सुरक्षित तथा बेहतर वातावरण में जीवन बिता रहा है।
सुहानो कहती हैं कि अब बरसात के दिनों में किसी तरह की चिंता नहीं रहती। बच्चों को बेहतर माहौल मिला है और परिवार पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस करता है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार की जिंदगी बदल दी है।
ग्राम पंचायत पार्वतीपुर में योजना के प्रभाव से कई गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आया है। यह पंचायत ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का उदाहरण बनकर उभरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय