Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अनूपपुर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम सकरा निवासी आदिवासी तेरसिया बैगा के नवजात शिशु की आंखों की रोशनी नेत्र सर्जन एवं रेटीना विशेषज्ञ डॉ जनक सारीवान एवं जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग की पहल सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट में रविवार को बच्चे का आपरेशन कर नई जिंदगी दी गई। बच्चे के जन्म समय से पूर्व और बेहद कम वजन के साथ हुआ था।
चिकित्सक के अनुसार, समय पूर्व जन्म के कारण बच्चे की आंखों का विकास पूरा नहीं हो पाया था। जांच में पता चला कि रेटिना की खून की नलियां असामान्य रूप से विकसित हो गई थीं। चिकित्सकों के अनुसार यह रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी की स्थिति थी, जिसमें रेटिना के उखड़ने और संकुचित होने का खतरा रहता है। समय पर इलाज न मिलने पर बच्चा स्थायी रूप से दृष्टिहीन हो सकता था।
इस गंभीर समस्या का उपचार किसी बड़े निजी आंखों के हॉस्पिटल में ही संभव था। लेकिन इलाज का खर्च लाखों में था, जिसे तेरसिया बैगा का परिवार वहन करने में असमर्थ था। जिला चिकित्सालय अनूपपुर का नेत्र विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। और नेत्र विशेषज्ञ डॉ जनक सारीवान ने राज्य स्तर के अधिकारियों से समन्वय कर बच्चे को सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट रेफर कराया। वहां बच्चे का पूरा इलाज नि:शुल्क किया गया।
अब सुरक्षित हैं आंखें
इलाज के बाद अब बच्चे की आंखें पूरी तरह सुरक्षित हैं और दृष्टि के विकास की प्रक्रिया सामान्य है। बच्चे के परिजनों ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का आभार जताया है।
जिला चिकित्सालय के नेत्र सर्जन एवं रेटीना विशेषज्ञ डॉ जनक सारीवान ने बताया कि समय पूर्व जन्मे कम वजन के बच्चों में आरओपी की जांच अनिवार्य है। जिला अस्पताल में नवजात शिशुओं की स्क्रीनिंग लगातार की जा रही है ताकि समय रहते इलाज कर बच्चों की रोशनी बचाई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला