Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बीरभूम, 07 जून (हि. स.)। जिले के नानूर इलाके के जंडांगा गांव में पुराने विवाद को लेकर शनिवार रात गोलीबारी और धारदार हथियारों से किए गए हमले में शेख मकसूद (49) नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। झड़प में दोनों पक्षों के कम से कम 10 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गांव की एक मस्जिद में मौलवी की नियुक्ति को लेकर लगभग एक साल पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। शनिवार रात जब शेख मकसूद एक पड़ोसी के घर से लौट रहे थे, तो प्रतिद्वंद्वी समूह के लोगों ने उन पर लाठी, बांस और धारदार हथियारों से हमला किया। इसके बाद उन पर गोलीबारी की।
दोनों पक्षों के बीच भारी झड़प हुई जब मकसूद के परिवार के सदस्य उसकी चीख सुनकर वहां पहुंचे। सूचना मिलने पर किरनाहर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक के परिवार ने दावा किया है कि मकसूद की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी। अप्रिय घटना से बचने के लिए रविवार को इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा