Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले में रविवार को शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर के एनएसएस स्वयंसेवकों ने गोद लिए गए ग्राम पंडो बस्ती (कोलसो पारा एवं चौका पारा) का सर्वेक्षण कर वहां के लोगों की समस्याओं को करीब से जाना। इस दौरान पेयजल, सड़क, शिक्षा और पेंशन से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रंजीत कुमार सातपुते के मार्गदर्शन तथा प्रशासनिक अधिकारी एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल के निर्देशन में आयोजित इस सर्वेक्षण में स्वयंसेवकों ने पंडो जनजाति के परिवारों से मुलाकात कर उनकी जीवनशैली, दैनिक चुनौतियों और मूलभूत जरूरतों की जानकारी ली।
सर्वेक्षण के दौरान महिलाओं ने बताया कि कई पात्र हितग्राहियों को अब तक वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने पेयजल संकट, बेहतर सड़क सुविधा के अभाव और बच्चों की शिक्षा से जुड़ी समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया। इसके अलावा क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को भी एक गंभीर सामाजिक समस्या बताया गया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को जिला प्रशासन और कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समाधान की दिशा में आवश्यक पहल हो सके। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार पंडो जनजाति के विकास और उत्थान के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
प्रभारी प्राचार्य रंजीत कुमार सातपुते ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंडो जनजाति के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
सर्वेक्षण में स्वयंसेवक आशुतोष बेस, राकेश कुमार, देवदास बेस, नीतेश बेस, अंकित पांडे सहित अन्य स्वयंसेवकों ने भाग लिया। एनएसएस सहायक अतिथि व्याख्याता अर्जुन प्रधान और रामनिवास पटेल का भी विशेष योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय