Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

--मेगा हेल्थ कैम्प में 60 सदस्याें ने कराया निःशुल्क चिकित्सीय परीक्षण
--80 प्लस के सदस्य बीबीएल श्रीवास्तव हुए सम्मानित
प्रयागराज, 07 जून (हि.स)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में झूंसी स्थित डॉ प्रीति वूमेन्स एन्ड चाइल्ड केयर क्लिनिक में रविवार को निःशुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैम्प का आयोजन गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफ़ेयर एसोसिएशन, रोटरी क्लब प्रयागराज संगम, विश्व आयुर्वेद मिशन, एचडीएफसी बैंक झूंसी शाखा एव झूंसी व्यापार मंडल के सहयोग से हुआ।
कैम्प में मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ के डॉ हिमांशु पांडे (कंसलटेंट, इंटरनल मेडिसिन), डॉ प्रदीप सिंह और डॉ प्रीति त्रिपाठी, डेंटिस्ट द्वारा 60 पेंशनर्स और अन्य अनेक लोगों की बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट, पल्मोनरी फुंक्शन टेस्ट, बीएमआई जांच, रक्तचाप जांच एव विशेषज्ञ परामर्श जैसी सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की गई।
इस अवसर पर पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मण्डलायुक्त आर. एस. वर्मा ने कहा डॉक्टर्स भगवान का रूप होते है, वे हमें खराब से खराब स्थिति में भी जीवन प्रदान करते हैं। हमें उनका सम्मान करना चाहिए। डॉक्टरों का हम जितना सम्मान करेंगे उतना ही बेहतर इलाज उनसे पाएंगे।
इसके पूर्व मुख्य अतिथि सहित विशिष्ट आतिथि प्रोफेसर वाई. पी. सिंह, निदेशक गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान तथा प्रो.(डॉ) जी. एस. तोमर ने कैम्प का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डॉ वी. के. श्रीवास्तव ने नर्सिंग सेवा पर रचित एक कविता फ्रेम करा डॉ जी. एस. तोमर द्वारा अस्पताल की निदेशक डॉ प्रीति त्रिपाठी को भेंट की। साथ ही 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर बी.बी. श्रीवास्तव को शाल, मोमेंटो, गीता और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
इस दौरान डॉ प्रीति त्रिपाठी ने बताया कि वे शीघ्र ही एच.पी.वी. वैक्सीन का फ्री कैम्प पुनः रोटरी क्लब के सहयोग से लगाएंगी। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर और अन्य गुप्तांगों के कैंसर की रोकथाम करती है। उन्होंने बताया कि इसे 9 से 15 वर्ष की आयु में बच्चियों को लगाने से अत्यधिक प्रभावशाली रहता है। डॉ तोमर ने कहा कि डॉक्टर्स को पूरी तन्मयता से आये लोगो का उपचार करना चाहिए ताकि रोता हुआ आया रोगी हंसता हुआ जाए।
कार्यक्रम में डॉ अमित त्रिपाठी, डॉ वी. के. श्रीवास्तव, सर्वेश कुमार मिश्रा, आर. डी. कुशवाहा, आर. ए. प्रसाद, डॉ परशुराम मौर्या, रोटरी क्लब प्रयागराज संगम के पदाधिकारी, पेंशनर्स, झूंसी व्यापार मंडल के सदस्य आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र