Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सुपौल, 07 जून (हि.स.)। नेपाल के बराह क्षेत्र कैचमेंट क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के बाद कोसी नदी के जलप्रवाह में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। रविवार को कोसी बराज पर जल अधिग्रहण (डिस्चार्ज) 43,635 क्यूसेक तक पहुंच गया, जो बाढ़ अवधि 2026 में पहली बार 43 हजार क्यूसेक के आंकड़े को पार करने वाला स्तर है।
बिहार जल संसाधन विभाग के रियल-टाइम डिस्चार्ज आंकड़ों में भी कोसी बराज के प्रवाह में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार, नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश के प्रभाव से कोसी नदी के जलप्रवाह में क्रमिक वृद्धि की संभावना पहले ही जताई गई थी। विभाग के मॉडल पूर्वानुमान में बिरपुर बराज पर डिस्चार्ज 43 हजार क्यूसेक के आसपास पहुंचने का संकेत दिया गया था।
हालांकि वर्तमान जलप्रवाह अभी खतरे के स्तर से काफी नीचे है और तटबंधों पर किसी प्रकार का दबाव नहीं माना जा रहा है, लेकिन मानसून के सक्रिय होने तथा नेपाल क्षेत्र में वर्षा बढ़ने पर आने वाले दिनों में जलस्तर पर प्रशासन और जल संसाधन विभाग की लगातार नजर बनी हुई है। कोसी नदी के जलस्तर में यह वृद्धि सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया और कटिहार सहित निचले इलाकों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि मानसून की शुरुआत के साथ नदी की प्रवृत्ति पर विशेष निगरानी रखी जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र