Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 07 जून (हि.स.)। अधिक मास में पड़ने वाली कमला पुरुषोत्तमा (कमला) एकादशी का व्रत 11 जून 2026 गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के प्रधान महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि पंचांग के अनुसार एकादशी तिथि 10 जून की देर रात्रि 12:58 बजे से प्रारंभ होकर 11 जून की रात 10:37 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर व्रत 11 जून को रखा जाएगा। महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि अधिक मास में आने के कारण इस एकादशी को पुरुषोत्तमा एकादशी कहा जाता है जिसे कमला और पद्मिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस व्रत के पालन से भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। दंपत्ति यदि संतान प्राप्ति की कामना से यह व्रत करते हैं तो उन्हें शुभ फल की प्राप्ति होती है।
उन्होंने बताया कि एकादशी व्रत का महत्व केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि मानसिक और शारीरिक संतुलन के लिए भी माना जाता है। इस दिन भगवान लक्ष्मी-नारायण, श्रीगणेश तथा भगवान शिव की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं को विष्णु सहस्रनाम का पाठ, “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का जाप तथा जरूरतमंदों को फल, वस्त्र एवं अन्न का दान करना चाहिए। महंत रोहित शास्त्री ने व्रत के दौरान सात्विक आचरण अपनाने, नशे से दूर रहने तथा तामसिक भोजन से परहेज करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि जम्मू सहित पूरे क्षेत्र के श्रद्धालु इस पावन अवसर पर भगवान विष्णु की आराधना कर सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा