Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोंडागांव, 07 जून (हि.स.)। जिले के पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा द्वारा रविवार काे थाना फरसगांव का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, गुम इंसान एवं अन्य प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना के रोजनामचा, अपराध पंजी, अभिलेख संधारण, मालखाना, शस्त्रागार एवं आर्म्स-एम्युनेशन का अवलोकन किया गया तथा संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर की साफ-सफाई एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण हेतु थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना में पदस्थ प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से चर्चा कर उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली, विवेचना, कानून-व्यवस्था संधारण एवं आमजनों से बेहतर व्यवहार संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही थाना स्टाफ को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अपराध नियंत्रण, प्रभावी पेट्रोलिंग तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलतापूर्वक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे