Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 07 जून (हि.स.)। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सगवान मैदान, तोरपा में रविवार को आयोजित बालिका वर्ग के मैत्री क्रिकेट मैच में केसीए बी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केसीए ए को छह विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केसीए ए की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 99 रन बनाए। टीम की ओर से दिव्या ने 19, प्रिया ने 12 तथा काजल और अनुष्का ने 10-10 रनों का योगदान दिया। केसीए बी की ओर से साक्षी, सोनी और ओसीम ने दो-दो विकेट हासिल किए।
100 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीए बी की टीम ने 15.2 ओवर में चार विकेट खोकर 103 रन बनाते हुए मुकाबला छह विकेट से जीत लिया। विजेता टीम की ओर से साक्षी ने शानदार 30 रन बनाए, जबकि विनीता ने 16 और किरण ने 14 रनों की उपयोगी पारी खेली। केसीए ए की ओर से प्रिया ने तीन विकेट चटकाए।
मैच के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ओसीम को बेस्ट बॉलर, साक्षी को बेस्ट बैट्समैन और श्रुति और अनुष्का को संयुक्त रूप से बेस्ट फील्डर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में थाना प्रभारी मनीष कुमार, उप प्रमुख संतोष कर, केडीसीए के कार्यकारी अध्यक्ष कृष्णा मोहन कुमार, सचिव अवधेश कश्यप, देवा हासा, अरुण मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मैच में अंपायर की भूमिका सूरज एवं सौरव ने निभाई।
इस अवसर पर दीपक तिग्गा, सतीश शर्मा, अजीत जायसवाल, राजेश प्रसाद, बुधनाथ गुड़िया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा