Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पूर्वी सिंहभूम, 07 जून (हि.स.)। मेधावी तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने के उद्देश्य से रविवार को बिष्टुपुर स्थित धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जागो संगठन, जागो यूवा विंग और टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में शिक्षा, सामाजिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्रोफेसर असलम मल्लिक थे। विशिष्ट अतिथियों में ठक्कर बप्पा मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार, बोस्टोम साई स्कूल, सरायकेला की सहायक आचार्या सलमा मुखी, समाजसेवी पुनीता मुखी, सम्भू डुंगरी, लक्ष्मण मुखी, लखिंदर कारुवा, सूरज मुखी, ब्रजेश मुखी और विकास मुखी शामिल रहे।
समारोह की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई, जिसे संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश मुखी ने प्रस्तुत किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और समाज में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि प्रोफेसर असलम मल्लिक ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सम्मान और प्रोत्साहन से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।
इस अवसर पर समाज के प्रति उत्कृष्ट योगदान और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सलमा मुखी और हेमंत मुखी को मुख्य अतिथि के हाथों 'समाज रत्न अवार्ड' से सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज का नाम रोशन करने वाले 10 प्रतिभाशाली बच्चों को 'समाज भूषण अवार्ड' प्रदान किया गया।
इसके अलावा वर्ष 2026 की मैट्रिक, इंटरमीडिएट और स्नातक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 'समाज गौरव अवार्ड' के तहत प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
कार्यक्रम का संचालन रवि मुखी और धीरज मुखी ने संयुक्त रूप से किया। समारोह को सफल बनाने में संगठन के अध्यक्ष सुमंत मुखी, महासचिव जोलेश मुखी, संतोष मुखी, कुमकुम मुखी, मुन्ना मुखी, सावन मुखी, धीरज मुखी, श्रवण मुखी, स्वयंम मुखी सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।-------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक