Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 07 जून (हि.स.)। खूंटी जिले के तोरपा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। तोरपा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टाउन हॉल में आयोजित एक समारोह में विधायक मद से उपलब्ध कराए गए 07 एंबुलेंस और 03 शव वाहनों का लोकार्पण कर उन्हें क्षेत्र की जनता को समर्पित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विधायक, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन रवाना होने के साथ ही उपस्थित लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में विभिन्न पंचायतों और प्रखंडों से आए जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि क्षेत्र की जनता को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र के कई गांव जंगलों और पहाड़ी इलाकों में स्थित हैं, जहां से गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस की उपलब्धता नहीं होने के कारण मरीजों के उपचार में देरी होती थी, जिससे उनकी स्थिति और गंभीर हो जाती थी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए विधायक मद से एंबुलेंस और शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों के संचालन से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा, वहीं जरूरत पड़ने पर शवों के सम्मानजनक परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सुदीप गुड़िया ने कहा कि उनकी प्रतिबद्धता केवल स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनसहभागिता और प्रशासनिक सहयोग के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एंबुलेंस और शव वाहनों की उपलब्धता एक सराहनीय पहल है, जिसका लाभ हजारों लोगों को मिलेगा।
कार्यक्रम को झामुमो महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, बुद्धिजीवी मोर्चा अध्यक्ष विरेन कंडुलना, विधायक प्रतिनिधि जगदीश बागे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
समारोह में विभिन्न प्रखंडों के जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, झामुमो पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा