Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 07 जून (हि.स.)। युवा सरना समिति तपकारा और सनराइज इंडिजिनस सोशल कल्चरल हेरिटेज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भारत माता कल्याण मंडप, तोरपा में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुदीप गुड़िया, विशिष्ट अतिथि जुबैर अहमद तथा जिला परिषद सदस्य विरेन कंडुलना ने विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मौके पर विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि सफलता मिलने पर उत्साहित रहना चाहिए, लेकिन अति उत्साह से बचना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ सभी जरूरतमंद छात्रों को उठाना चाहिए।
झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों से अपनी उपलब्धियों को आगे भी बनाए रखने और उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दुलारी बारला ने की। मौके पर रोहित तानी, सुनील गुड़िया, अनिल गुड़िया, सेनेम गुड़िया, सुनिता गुड़िया, अमिसा बरला, हेरामबी गुड़िया, बिरसा कंडुलना, बंधन गुड़िया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा