Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 07 जून (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी के समीप रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव चटाई में लिपटा हुआ था और उससे तेज दुर्गंध निकल रही थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुछ ग्रामीण अपने दैनिक कार्य के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रेलवे कॉलोनी के समीप उनकी नजर एक संदिग्ध अवस्था में पड़ी चटाई पर गई। चटाई से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर उसमें एक व्यक्ति का शव मिला। शव की स्थिति अत्यंत खराब थी और वह काफी हद तक सड़-गल चुका था।
शव मिलने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। शव की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। आशंका है कि हत्या के बाद अपराधियों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को चटाई में लपेटकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और समय के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस और मुफस्सिल थाना पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुट गई है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों, रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें।------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक