Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 07 जून (हि.स.)। खूंटी-कोलेबिरा स्टेट हाईवे-3 पर तोरपा थाना क्षेत्र स्थित कारो नदी के समीप रविवार सुबह हई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान डोड़मा चंद्रपुर निवासी 22 वर्षीय अनीस हेमरोम के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार, अनीस हेमरोम रविवार सुबह करीब 10 बजे अपाची मोटरसाइकिल से कोटेंगसेरा से मरचा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कारो नदी के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण अनीस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना तोरपा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, अनीस हेमरोम अपने मित्र प्रेम होरो की अपाची मोटरसाइकिल लेकर किसी कार्य से जा रहा था। बताया जाता है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर साइन बोर्ड से टकराने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा