Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 07 जून (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम और श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग में रविवार को 269वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान को महाप्रसाद अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद में वेजिटेबल खिचड़ी, लीची शरबत, सत्तू पानी, शीतल जल एवं आलू चिप्स शामिल थे। मंदिर परिसर में करीब दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर भजन गायक मनीष सोनी ने राधा-कृष्ण एवं अन्नपूर्णा मैया की महिमा पर आधारित भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या के बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि पूरे दिन में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar