Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

तिजुआना, 07 जून (हि.स.)। बढ़ते क्षेत्रीय तनाव और कूटनीतिक चुनौतियों के बीच ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम रविवार को मेक्सिको के तिजुआना शहर पहुंच गई, जहां से वह आगामी फीफा विश्व कप मुकाबलों की तैयारियां करेगी। टीम ने तुर्किये से उड़ान भरने के बाद सुबह तिजुआना में कदम रखा।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ईरानी फुटबॉल महासंघ अंतिम समय में अपना प्रशिक्षण केंद्र अमेरिका के एरिजोना से बदलकर मेक्सिको में स्थापित करेगा। यह निर्णय खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के वीजा संबंधी अनिश्चितताओं तथा क्षेत्रीय हालात को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
अमेरिकी अधिकारियों ने खिलाड़ियों को वीजा जारी कर दिए हैं, जिससे टीम के विश्व कप में भाग लेने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, सहयोगी दल के कुछ प्रशासनिक और प्रबंधन से जुड़े सदस्यों को अब तक अनुमति नहीं मिली है, जिससे टीम प्रबंधन को कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
ईरान की टीम पिछले कुछ सप्ताह से तुर्किये में अभ्यास कर रही थी और अब विश्व कप के अपने पहले मुकाबले से पहले मेक्सिको में अंतिम तैयारियों पर ध्यान देगी। टीम का पहला मैच 15 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाना है। इसके बाद उसे बेल्जियम और मिस्र जैसी मजबूत टीमों का सामना करना होगा।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय