Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 07 जून (हि.स.)। बसंतपुर थाना पुलिस ने जिला आसूचना इकाई एवं एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार 6 जून को बसंतपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के शहरकोला बाजार से आगे चंवर सीवान-मलमलिया मुख्य मार्ग स्थित पुराने छठ स्थान के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर बसंतपुर थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई एवं एसटीएफ की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान मो. दानिश (पिता- निजामुद्दीन), निवासी शेखपुरा, थाना बसंतपुर, जिला सीवान के रूप में बताई। बरामद हथियार के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में बसंतपुर थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है।
कार्रवाई में बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार, बसंतपुर थाना के पुलिसकर्मी, जिला आसूचना इकाई तथा एसटीएफ की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma