बलरामपुर : अवैध क्लीनिक सील, आठ पर चालानी कार्रवाई
बलरामपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले में रविवार को जनस्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक अवैध क्लीनिक को सील किया गया। वहीं कोटपा एक्ट के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 लोगों पर चालानी कार्रवाई भी की गई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठ
कार्रवाई करते अधिकारी।


बलरामपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले में रविवार को जनस्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक अवैध क्लीनिक को सील किया गया। वहीं कोटपा एक्ट के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 लोगों पर चालानी कार्रवाई भी की गई।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी और प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वाड्रफनगर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत दीक्षित के नेतृत्व में ग्राम बेबड़ी में विशेष जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की गई। कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 8 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें तंबाकू सेवन और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।

जांच के दौरान क्षेत्र में संचालित एक अवैध क्लीनिक भी मिला, जिसे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अनाधिकृत चिकित्सकीय गतिविधियों और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। जनस्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान बीएमओ, नायब तहसीलदार रघुनाथनगर, बीपीएम और फार्मासिस्ट मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय