नगांव लोस उपचुनाव को लेकर राजीव भवन में समीक्षा बैठक, महंगाई पर बरसे गौरव गोगोई
गुवाहाटी, 07 जून, (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि जनता द्वारा भारी समर्थन दिए जाने के बावजूद भाजपा सरकार आम लोगों की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं और ईंधन
Congress MP Gaurav Gogoi Offering Prayers at Tarajan Mosque Ahead of Nomination Filing on Monday. गौरव गोगोई


गुवाहाटी, 07 जून, (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि जनता द्वारा भारी समर्थन दिए जाने के बावजूद भाजपा सरकार आम लोगों की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं और ईंधन की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया, जिससे आम जनता महंगाई की मार झेल रही है।

रविवार को राजीव भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके मंत्री वर्तमान में सत्ता तथा मंत्रिमंडल से जुड़े राजनीतिक समीकरणों में व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि असंतुष्ट विधायकों को संतुष्ट करने की कोशिशों के बीच सरकार महंगाई और अनियंत्रित बाजार व्यवस्था से परेशान जनता की समस्याओं को भूल गई है।

गोगोई ने कहा कि कांग्रेस ने नए सिरे से योजना बनाकर जनता के बीच जाने का निर्णय लिया है और लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप एक नई कांग्रेस के निर्माण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारणों की समीक्षा की जा रही है, ताकि आगामी उपचुनावों में कांग्रेस जनता के पक्ष में अधिक मजबूती से काम कर सके।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य की सभी 126 विधानसभा सीटों पर पर्यवेक्षक नियुक्त कर रिपोर्ट तैयार की है, जिस पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा जारी है। इसी क्रम में रविवार को राजीव भवन में नगांव लोकसभा क्षेत्र के संभावित उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई।

गौरव गोगोई की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सांसद रकीबुल हुसैन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष देवव्रत सैकिया, उपनेता प्रतिपक्ष जयप्रकाश दास, पूर्व मंत्री प्रणति फुकन, पार्टी के विधायकगण, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मीरा बरठाकुर, कांग्रेस नेत्री रोजलीना तिर्की सहित नगांव लोकसभा क्षेत्र के लिए गठित समिति के अधिकांश सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में उपचुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश