Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में रविवार दोपहर एक कोठी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद इमारत की ऊपरी मंजिलों पर फंसे चार बच्चों और दो महिलाओं समेत कुल आठ लोगों को पुलिस और दमकलकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि आग की चपेट में आने से दो पालतू पिल्लों की मौत हो गई।
दमकल विभाग के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3:39 बजे न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित सी-300 नंबर कोठी में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा दमकल विभाग की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग मथुरा रोड के पास स्थित बहुमंजिला इमारत में लगी थी। बताया जाता है कि आग लगने के बाद धुआं तेजी से पूरी इमारत में फैल गया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग फंस गए। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दूसरी और तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आग एयर कंडीशनर और घरेलू सामान में लगी थी। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
रेस्क्यू किए गए लोगों में रोमी गर्ग, रोशन (18), पूरन (14), बबली (45), जैनब (38), रहीमा (18), सुहाना (8), फराहा (48) और युसुफ (55) शामिल हैं। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर चार मंजिलें बनी हुई हैं। आग मुख्य रूप से निचले हिस्से में लगी थी, लेकिन धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोगों की जान जोखिम में पड़ गई थी। करीब 4:50 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि हादसे में दो पालतू पिल्लों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी