Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले के नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में एक कथित फाइनेंस कंपनी द्वारा सैकड़ों महिलाओं को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
ठगी का आरोप आईबीएल फाइनेंशियल लिमिटेड नामक एक कंपनी पर लगा है, जिसने नवगछिया में एनएच 31 के समीप ब्रांच कार्यालय खोलकर महिलाओं को कम समय में भारी ऋण उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया और बाद में कार्यालय बंद कर फरार हो गई। बताया जा रहा है कि नवगछिया के संतोष धर्मकांटा के समीप एक अर्द्धनिर्मित भवन में कंपनी का कार्यालय संचालित किया जा रहा था।
कंपनी के कथित कर्मचारी पिछले कई दिनों से नवगछिया के इस्माइलपुर प्रखंड सहित नारायणपुर, बिहपुर तथा पसराहा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर महिलाओं से संपर्क कर रहे थे। महिलाओं को बताया गया कि यदि वे कंपनी में 10 हजार रुपये जमा करती हैं तो मात्र 12 घंटे के भीतर उन्हें दो लाख रुपये का व्यवसायिक ऋण उपलब्ध करा दिया जाएगा।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने महिलाओं को भरोसे में लेने के लिए लगातार गांव-गांव जाकर बैठकें कीं और योजनाओं की जानकारी दी। उनके झांसे में आकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से 10-10 हजार रुपये जमा कर दिए। बताया जा रहा है कि करीब 200 से अधिक महिलाओं से राशि ली गई है।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, उन्हें कहा गया था कि रात 12 बजे तक अथवा 12 घंटे के भीतर उनके खाते में ऋण की राशि भेज दी जाएगी। महिलाएं पूरी रात और अगले दिन तक अपने खातों की जांच करती रहीं, लेकिन किसी के खाते में राशि नहीं पहुंची। जब महिलाएं अगले दिन कार्यालय पहुंचीं तो वहां ताला लटका मिला। कार्यालय बंद मिलने के बाद महिलाओं ने मकान मालिक से जानकारी ली।
मकान मालिक ने बताया कि कार्यालय संचालित करने वाले लोग ताला लगाकर चले गए हैं। बताया जाता है कि कार्यालय के लिए भवन किराये पर लेने संबंधी कुछ दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन कंपनी के प्रतिनिधियों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं आक्रोशित हो गईं और नवगछिया साइबर थाना पहुंचकर हंगामा करने लगीं।
साइबर थाना में पहुंची महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने व्यवसायिक ऋण की उम्मीद में कई जगहों से उधार लेकर या ब्याज पर पैसे उठाकर कंपनी को राशि दी थी। अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। साइबर थाना पहुंचे पीड़ितों में कई महिलाएं रोती-बिलखती नजर आईं।
फिलहाल साइबर थाना में ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित विवरण एकत्र किए जा रहे हैं तथा पीड़ित महिलाओं से आवेदन लिया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंपनी के नाम पर कार्य कर रहे तीन-चार युवकों ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाया और कथित रूप से लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि प्राप्त आवेदन और बैंकिंग लेन-देन के आधार पर मामले की जांच की जाएगी तथा दोषियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर