Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 07 जून (हि. स.)। दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) से जुड़े तृणमूल कांग्रेस समर्थित श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी के वरिष्ठ नेता संदीप घटक उर्फ ‘बोटू’ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे औद्योगिक शहर में सनसनी फैल गई है। रविवार को गोपालमाठ स्थित उनके आवास से उनका शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग पहुंचे। एक प्रभावशाली श्रमिक नेता की अचानक मौत की खबर फैलते ही राजनीतिक और ट्रेड यूनियन हलकों में सनसनी फ़ैल गई।
संदीप घटक की मौत को लेकर राजनीतिक हलकों में विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
गोपालमाठ निवासी संदीप घटक तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रभात चटर्जी के करीबी माने जाते थे। डीएसपी में आईएनटीटीयूसी की गतिविधियों को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। श्रमिक राजनीति में उनकी अच्छी पकड़ थी और संगठन के भीतर उनका प्रभाव काफी माना जाता था।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा