Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले में रविवार को विश्व साइकिल दिवस और संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत जिलेभर में जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल के उपयोग का संदेश दिया गया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
जिले के विभिन्न स्थानों पर निकाली गई साइकिल रैलियों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ रहने, प्रदूषण कम करने और ईंधन बचाने का संदेश दिया। लोगों को बताया गया कि नियमित साइकिलिंग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि बढ़ते प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।
अभियान के दौरान पुलिस विभाग द्वारा यातायात और कानून व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार संचालित संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत
जिलेभर में इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से लोगों को फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय