Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फतेहाबाद, 07 जून (हि.स.)। भूना क्षेत्र के चर्चित सचिन हत्याकांड में पुलिस ने दो और युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक कुल सात आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भूना निवासी प्रवीण और सूरजा राम के रूप में हुई है।रविवार को भूना थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र ने बताया कि वार्ड नंबर 5 निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भतीजा सचिन अपने दोस्तों पवन और रोहित के साथ बाइक पर घर आ रहा था। इसी दौरान कई बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने उनका पीछा किया और सचिन का अपहरण कर उसे सुनसान जगह ले गए। वहां आरोपियों ने सचिन के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल सचिन को पहले नागरिक अस्पताल भूना ले जाया गया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हिसार रेफर कर दिया, लेकिन हिसार ले जाते समय रास्ते में ही सचिन की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या, अपहरण और दंगा भडक़ाने सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।
---
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा