Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में मानसून से पहले शहर में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार सुबह सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग खुद मैदान में उतरे।
नरेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने नालों और जल निकासी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी तथा अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने प्रभात चौराहा, महामाई की पुलिया, द्वारका नगर और भानपुर खंती सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। कई स्थानों पर नालों की सफाई अधूरी और व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून से पहले सभी नालों की सफाई हर हाल में पूरी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पातरा नाले में मिट्टी डंप मिलने पर जताई नाराजगी
दौरे के दौरान मंत्री सारंग ने शहर के सबसे बड़े पातरा नाले का भी निरीक्षण किया। यहां एनएचएआई के निर्माण कार्य के कारण नाले में बड़ी मात्रा में मिट्टी जमा मिली। इसे गंभीरता से लेते हुए मंत्री सारंग ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाले में मिट्टी जमा रहने से जल प्रवाह बाधित होगा, जिससे बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।
निर्देश मिलते ही शुरू हुई सफाई
मंत्री के सख्त रुख के बाद मौके पर ही नाले से मिट्टी हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले की मूल गहराई और चौड़ाई बनाए रखते हुए सफाई कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि बारिश के समय पानी की निकासी प्रभावित न हो।
अतिक्रमण हटाने के भी दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान नालों पर हो रहे अतिक्रमण को भी मंत्री सारंग ने बड़ी समस्या बताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों और जल निकासी मार्गों पर किए गए अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए। उनका कहना था कि अतिक्रमण के कारण हर वर्ष बारिश में आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मानसून से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश
मंत्री सारंग ने नगर निगम और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि मानसून शुरू होने से पहले सभी सफाई, मरम्मत और जल निकासी से जुड़े कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और इसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता के साथ काम करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे