Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चित्तौड़गढ़, 07 जून (हि.स.)। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत गंगरार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 41.50 ग्राम अवैध एमडीएमए (मौली) पाउडर बरामद किया गया। आरोपी बिना नंबरी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी से मादक पदार्थ का परिवहन कर रहे थे।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आईजी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। एएसपी मुकुल शर्मा के निर्देशन, डीएसपी शिवप्रकाश टेलर के पर्यवेक्षण और थानाधिकारी श्यामाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम जवासिया फाटक से सोनियाना रोड पर बालाजी विहार के सामने नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान जवासिया फाटक की तरफ से आती एक बिना नंबरी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी को रोकने का प्रयास किया गया। स्कूटी सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस जाब्ते ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जीवा नायको का खेड़ा, गंगरार निवासी अनिल दायमा पुत्र राजू दायमा बंजारा और गंगाराम पुत्र कनीराम बंजारा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से 41.50 ग्राम अवैध एमडीएमए मौली पाउडर मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।इस कार्रवाई में एएसआई शिवलाल, हेड कांस्टेबल युवराजसिंह, कांस्टेबल सुनील, रामहंस, कार्तिक और चालक हेड कांस्टेबल देवकिशन शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल