Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नवादा, 07 जून (हि.स.)। जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के महुडर पंचायत अंतर्गत फरकी पत्थर गांव में रविवार को एक सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत हो गई।
मृतक की पहचान फरकी पत्थर गांव निवासी पाचू तुरिया के 62 वर्षीय पुत्र राजकुमार तुरिया के रूप में की गई है। स्वजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार तुरिय बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौआकोल लाया गया,जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कौआकोल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन