Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 07 जून (हि.स.)। जिले में खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित रेवटी की प्रतापपुर शाखा में पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण है और किसानों को जरूरत के अनुसार खाद का वितरण किया जा रहा है।
समिति प्रबंधन के अनुसार 3 जून की स्थिति में यूरिया, डीएपी, इफको और एसएसपी सहित विभिन्न प्रकार के लगभग 3493 क्विंटल खाद का भंडारण उपलब्ध है। किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद उपलब्ध कराया जा रहा है।
रविवार को खाद लेने पहुंचे किसानों ने भी व्यवस्था पर संतोष जताया। किसान गोविंदा पटेल ने बताया कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद मिल रहा है, जिससे खेती का काम सुचारु रूप से हो सकेगा। वहीं ग्राम सोंधिहा के मिथलेश पटेल और जगदल प्रसाद पटेल ने भी बताया कि समिति में उनकी आवश्यकता के अनुरूप खाद उपलब्ध कराया जा रहा है।
कलेक्टर रेना जमील ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही खाद का उठाव करें, ताकि सभी किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर लगातार निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय