Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 07 जून (हि.स.)। नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी डेढ़ किमी लंबी सड़क की सीमा में आ रहे पांच धार्मिक स्थलों को जेडीए सोमवार को हटाएगा। इनमें एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग भवन और एक मजार शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए शहर में तीन हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे। जेडीए की मांग पर डीजी लॉ एंड ऑर्डर के निर्देश पर पुलिस कमिश्नरेट को आरएसी की 12 कंपनियां दी गई हैं। इसके अलावा जयपुर, कोटा और भरतपुर रेंज से भी अतिरिक्त जाब्ता बुलाया गया है।
कमिश्नरेट की करीब एक हजार अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगी। परकोटे सहित शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस और आरएसी की मौजूदगी रहेगी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत नियंत्रण किया जा सके। नंदपुरी अंडरपास के पास से रेलवे लाइन के समानांतर यह सड़क 6 कॉलोनियों के बीच से निकलती है। अभी इसकी चौड़ाई 25 से 30 फीट है, जबकि रिकॉर्ड में 80 फीट है। सड़क 80 फीट चौड़ी होने से नंदपुरी से जगतपुरा तक सीधा रूट मिलेगा। 50 कॉलोनियों को मालवीय नगर, प्रधान मार्ग और अपेक्स सर्किल की ओर बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया सड़क चौड़ी होने से हरे-कृष्ण मार्ग पर वाहनों का लोड कम होगा। 22 मई को 134 अतिक्रमण हटाए थे। धार्मिक स्थलों को स्वयं हटाने के निर्देश दिए थे। नंदपुरी वाली रोड पर सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश